काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर तैनात पीएसी जवान की कार्बाइन से गोली चली, तीन लोग घायल

Ads

काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर तैनात पीएसी जवान की कार्बाइन से गोली चली, तीन लोग घायल

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 03:51 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 03:51 PM IST

वाराणसी (उप्र), चार जुलाई (भाषा) वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर द्वार संख्या चार के पास शनिवार को ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से दुर्घटनावश गोली चलने से तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि गोली चलने से गोदौलिया से लेकर विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक अफरातफरी की स्थिति बन गई।

पुलिस उपायुक्त गौरव बांसवाल ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर के द्वार संख्या चार पर तैनात ‘प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी’ (पीएसी) के जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई जिसके कारण उससे दो चक्र गोली चल गयी।

उन्होंने बताया कि दोनों फायर जमीन पर हुए थे लेकिन वहां फूल-माला बेचने वाले तीन लोगों को गोली के छर्रे लग गए।

उन्होंने कहा कि घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति के हाथ में, दूसरे की कमर में और तीसरे के पैर में छर्रे लगे हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

भाषा सं जफर रंजन संतोष

संतोष