आगरा में आंबेडकर जयंती पर परशुराम चौक पर नीला झंडा लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश, पुलिसकर्मी तैनात

आगरा में आंबेडकर जयंती पर परशुराम चौक पर नीला झंडा लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश, पुलिसकर्मी तैनात

आगरा में आंबेडकर जयंती पर परशुराम चौक पर नीला झंडा लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश, पुलिसकर्मी तैनात
Modified Date: April 14, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: April 14, 2026 8:33 pm IST

आगरा (उप्र) 14 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा की आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार को भीमराव आंबेडकर जयंती के मौके पर कुछ लोग परशुराम चौक के ऊपर जूते-चप्पल पहनकर कर चढ़ गए और वहां पर नीला झंडा लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश की।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शेषमणि ने कहा कि सिकंदरा थानाक्षेत्र में बने परशुराम चौक पर भगवान परशुराम का शस्त्र बना हुआ है, जो लोगों की आस्था का विषय है।

उन्होंने बताया कि चौक पर कुछ अराजक तत्व चढ़ गए और नीला झंडा लगा दिया, जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया।

एसीपी ने बताया कि इलाके में फिलहाल शांति है और अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालत को देखते हुए कई थानों के कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए।

इस बीच भगवान परशुराम के समर्थक जमा होने लगे और काफी देर तक परशुराम चौक पर भीड़ जमा रही।

पुलिस ने धीरे-धीरे सभी को समझाया और मामले को शांत कराया।

सूत्रों के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे आंबेडकर के समर्थक आवास विकास कॉलोनी से रैली निकाल रहे थे, इस दौरान रैली में शामिल कुछ अराजक तत्व सेक्टर 6 में स्थित परशुराम चौक पर जूते-चप्पल पहनकर चढ़ गए।

सूत्रों ने बताया कि ब्राह्मण समाज के सदस्यों का आरोप है कि उन्होंने वहां पर पहले से लगे झंडे को हटाकर नीला झंडा लगा दिया, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और घटना का वीडियो बनाकर सार्वजनिक कर दिया।

जानकारी मिलने पर ब्राह्मण समाज के लोग परशुराम चौक पर पहुंच गए।

इस संबंध में शहर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि डॉ.भीमराव आंबेडकर की जयंती पर रैली निकाली जा रही थी, इस दौरान कुछ युवकों ने चौराहे पर झंडा फहराया।

उन्होंने कहा, “फिलहाल किसी भी प्रकार का कोई तनाव नहीं है। कुछ लोगों ने अफवाह फैलाई थी। पुलिसकर्मियों को एहतियातन परशुराम चौक पर भेजा गया।”

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में