अखिलेश ने योगी सरकार पर सपा के शासनकाल में निर्मित साइकिल ट्रैक की उपेक्षा करने का आरोप लगाया

अखिलेश ने योगी सरकार पर सपा के शासनकाल में निर्मित साइकिल ट्रैक की उपेक्षा करने का आरोप लगाया

अखिलेश ने योगी सरकार पर सपा के शासनकाल में निर्मित साइकिल ट्रैक की उपेक्षा करने का आरोप लगाया
Modified Date: June 3, 2026 / 08:42 pm IST
Published Date: June 3, 2026 8:42 pm IST

लखनऊ, तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर समाजवादी पार्टी (सपा) के शासनकाल में शुरू की गई साइकिल ट्रैक सहित अन्य विकास परियोजनाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

अखिलेश ने कहा कि साइकिल ट्रैक साइकिल चलाने के चलन को बढ़ावा देने, जन स्वास्थ्य में सुधार करने और पर्यावरण की रक्षा करने के लिए बनाए गए थे।

‘विश्व साइकिल दिवस’ पर जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा, “भाजपा सरकार और विकास एक-दूसरे के बिल्कुल विपरीत हैं। जिस ‘वेलोड्रोम’ में साइकिल चलती थीं, वह भाजपा सरकार के नौ वर्षों के शासनकाल के दौरान खाली पड़ा रहा।”

उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने लखनऊ और अन्य शहरों में साइकिल ट्रैक का निर्माण किया था और आगरा तथा इटावा के बीच 207 किलोमीटर लंबा साइकिल राजमार्ग बनाया था, जो ताजमहल को इटावा लायन सफारी से जोड़ता है।

अखिलेश ने साइकिल ट्रैक को सपा सरकार का “दूरदर्शी कार्य” बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ईंधन की खपत को कम करना, पर्यावरण की रक्षा करना और लोगों को साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।

अखिलेश ने कहा कि साइकिल सपा के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि यह पार्टी का चुनाव चिन्ह है। उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा को साइकिल से इसलिए नफरत है, क्योंकि सपा का चुनाव चिन्ह साइकिल है।”

भाषा

जफर पारुल

पारुल


लेखक के बारे में