अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने किया आगामी उप्र विस चुनाव अभियान का शंखनाद
अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने किया आगामी उप्र विस चुनाव अभियान का शंखनाद
लखनऊ, दो जुलाई (भाषा) अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के अभियान का बिगुल फूंकते हुए बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का अगले चुनाव में पार्टी को और मजबूत सियासी ताकत बनाने के लिए हर स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
पटेल ने पार्टी के संस्थापक डॉक्टर सोनेलाल पटेल की जयंती पर यहां आयोजित ‘जन स्वाभिमान दिवस’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को और अधिक सशक्त राजनीतिक शक्ति बनाने के लिए अभी से गांव, वार्ड एवं बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि जिस दल को कभी राजनीतिक विरोधी ‘वोट कटवा’ कहकर उपहास का विषय बनाते थे, वही दल आज कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास के बल पर प्रदेश विधानसभा में 13 विधायकों के साथ प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है।
पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय तथा पिछड़े, दलित, वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना अपना दल (एस) की मूल विचारधारा है और इसी उद्देश्य से पार्टी निरंतर देश में जातीय जनगणना, अन्य पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय की स्थापना समेत विभिन्न मुद्दों को लगातार उठाती रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में भागीदारी के बावजूद अपना दल (एस) ने कभी भी सामाजिक न्याय के मुद्दों से समझौता नहीं किया है और पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकार, सम्मान एवं भागीदारी के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी।
पटेल ने कार्यकर्ताओं से ‘हर घर झंडा अभियान’ को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया, जिससे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सके।
अपना दल (सोनेलाल) भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का घटक दल है और केन्द्र तथा उत्तर प्रदेश दोनों ही सरकारों में उसकी भागीदारी है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, पार्टी के सभी विधायक, राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी तथा प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाषा सलीम अमित
अमित

Facebook


