बलिया में पुलिस टीम पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

बलिया में पुलिस टीम पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

बलिया में पुलिस टीम पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: March 21, 2026 / 10:26 am IST
Published Date: March 21, 2026 10:26 am IST

बलिया (उप्र), 21 मार्च (भाषा) बलिया जिले में विवाद की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर कथित रूप से हमला किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी राघवेंद्र रस्तोगी ने शुक्रवार सुबह सूचना दी कि उसके पिता के साथ दो लोग मारपीट कर रहे हैं जिसके बाद तीन पुलिसकर्मी शैलेन्द्र कुमार, सुनील कुमार और रामभजन यादव सरकारी वाहन से मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करने लगे।

उसने बताया कि इसी दौरान कोटवा नारायणपुर गांव के अरुण राय (51) और अमित राय उर्फ गांगुली (32) पुलिसकर्मियों से उलझ गए और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट करने लगे।

पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने आरक्षी शैलेन्द्र कुमार का गला दबाया और ईंट-पत्थर से हमला किया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

उसने बताया कि हमलावरों ने पुलिस के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि आरक्षी शैलेन्द्र कुमार की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को नसीरपुर मढ़-उजियार मार्ग से गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से दो देसी तमंचे व दो कारतूस बरामद किए गए हैं।

घटना से संबंधित एक वीडियो शुक्रवार से सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें दो लोग पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं।

भाषा सं आनन्द

खारी

खारी


लेखक के बारे में