तिरंगा रैली के साथ मनाया गया ‘बलिया बलिदान दिवस’ : योगी ने दी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि
तिरंगा रैली के साथ मनाया गया 'बलिया बलिदान दिवस' : योगी ने दी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि
बलिया (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘बलिया बलिदान दिवस’ पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर बलिया जिला जेल में तिरंगा रैली निकाले जाने समेत पूरे जनपद में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये।
बलिया बलिदान दिवस साल 1942 में ब्रिटिश शासन के खिलाफ जिले के ऐतिहासिक विद्रोह की याद में मनाया जाता है। इस दिन स्थानीय क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देते हुए स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय के नेतृत्व में जिले में कुछ समय के लिए एक समानांतर सरकार स्थापित की थी।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बलिया बलिदान दिवस पर मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अमर बलिदानियों को विनम्र श्रद्धांजलि।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘1942 में आज ही के दिन बलिया की वीरभूमि ने बर्बर एवं दमनकारी अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध अदम्य साहस एवं राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए स्वतंत्रता का शंखनाद किया। वीर हुतात्माओं का यह अमर त्याग एवं शौर्य हम सभी को मातृभूमि की सेवा हेतु निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।’’
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ‘एक्स’ पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी बलिया के ‘बहादुर और महान सपूतों’ को श्रद्धांजलि दी तथा भारत की आज़ादी की लड़ाई में जिले के योगदान को याद किया।
बलिदान दिवस पर बलिया जिला जेल से एक बड़ी तिरंगा रैली निकाली गई, जिसकी अगुवाई परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने राष्ट्र ध्वज लेकर की।
यह रैली कुंवर सिंह चौराहे से गुजरी, जहां स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की गई। फिर यह रैली टी.डी. कॉलेज चौराहे और रामदहिन ओझा के प्रतिमास्थल पर पहुंची।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी रैली में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।
राय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बलिया बहादुर और हिम्मत वाले लोगों की धरती है। मैं इस धरती को सलाम करता हूं। बलिया के क्रांतिकारियों की आवाज उठी और पूरे देश में एक मजबूत आवाज बन गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश की आज़ादी के लिए अपनी जान देने वाले बलिया के अमर शहीदों का बलिदान हमें हमेशा देश की सेवा करने और लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा देगा।’’
तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार और एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


