बलिया: शराब के नशे में पत्नी से झगड़ा कर रहे पति की पड़ोसियों ने की पिटाई, मौत
बलिया: शराब के नशे में पत्नी से झगड़ा कर रहे पति की पड़ोसियों ने की पिटाई, मौत
बलिया (उप्र), 22 जून (भाषा) बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरतपुरा गांव में पत्नी से झगड़ रहे नशे में धुत पति की पड़ोसियों ने कथित तौर पर पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार रविवार रात पति पत्नी के बीच विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों ने सुरेंद्र राजभर (45) को लाठी-डंडों से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र की वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
थाना प्रभारी रत्नेश दूबे ने बताया कि सुरेंद्र राजभर अक्सर शराब पीकर घर आता था और पत्नी सुशीला से गाली-गलौज करता था। रविवार रात भी दोनों के बीच विवाद हो रहा था। शोर सुनकर पड़ोस के कुछ युवक मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और युवकों ने सुरेंद्र की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी।
उन्होंने बताया कि घायल सुरेंद्र को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, मृतक के ससुर की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर इरादतन हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज

Facebook


