उप्र : समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के चार आरोपी गिरफ्तार
उप्र : समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के चार आरोपी गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), छह अगस्त (भाषा) मेरठ जिले में सोशल मीडिया पर एक समुदाय विशेष के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मोहकमपुर निवासी सौरभ कुमार गौतम की शिकायत पर टीपी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि चार युवकों ने मोटरसाइकिल पर बैठकर एक समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जिससे उस समुदाय में रोष फैलने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
भोसले ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर बृहस्पतिवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिरंजीव उर्फ चीकू (19), पवन कुमार (19), गोलू यादव (25) और वंश शर्मा (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
भोसले ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


