भाजपा सरकार युवाओं के साथ, बूथ संगठन से तय होगी चुनावी जीत : पंकज चौधरी
भाजपा सरकार युवाओं के साथ, बूथ संगठन से तय होगी चुनावी जीत : पंकज चौधरी
मेरठ, 26 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और युवा भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी से जुड़े हुए हैं। चौधरी ने मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बूथ समितियों की ‘टिफिन बैठक’ को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के उत्थान और रोजगार के लिए व्यापक स्तर पर काम किया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर का संगठन सबसे महत्वपूर्ण होता है।
केंद्रीय मंत्री ने बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने तथा घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली केंद्र और उत्तर प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है।
चौधरी ने कहा कि इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि लोगों को वर्ष 2014 से पहले के देश और 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश के हालात याद करने चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है और महिलाओं की सुरक्षा पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


