अनैतिक राजनीति कर चुनाव को प्रभावित करती है भाजपा : अखिलेश यादव

अनैतिक राजनीति कर चुनाव को प्रभावित करती है भाजपा : अखिलेश यादव

अनैतिक राजनीति कर चुनाव को प्रभावित करती है भाजपा : अखिलेश यादव
Modified Date: August 12, 2023 / 09:17 pm IST
Published Date: August 12, 2023 9:17 pm IST

लखनऊ, 12 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अगले वर्ष प्रस्तावित लोकसभा चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर तैयारी की नसीहत देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा अनैतिक राजनीति कर चुनाव को प्रभावित करती है।

यहां शनिवार को सपा के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है, समाज का हर वर्ग इससे त्रस्त है। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा प्रदेश में सभी 80 सीटें हारेगी।”

सपा प्रमुख ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘‘जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है, समाजवादी पार्टी के पास जनता की ताकत है।’’

यादव ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करके संविधान और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। भाजपा अनैतिक राजनीति कर चुनाव को प्रभावित करती है। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भाजपा वोटबैंक की तरह इस्तेमाल करती है।’’

उन्‍होंने दावा किया, ‘‘भाजपा झगड़ा लगाकर समाज को बांटना चाहती है, भाजपा अंग्रेजों की नीति ‘फूट डालो राज करो’ पर चल रही है।’’

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा के कारण संविधान खतरे में है। अभिव्यक्ति की आजादी को कुचला जा रहा है। भाजपा के षड्यंत्र से समाजवादी कार्यकर्ताओं को सावधान रहना है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा सरकार बुलडोजर से उत्तर प्रदेश में अराजकता फैला रही है। भाजपा साजिश करके समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश करती है। भाजपा रणनीति बनाकर निर्दोष लोगों को फर्जी केसों में फंसाकर उन्हें परेशान कर रही है।’’

इस बीच, शनिवार शाम को सपा प्रमुख ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘बुलडोज़र नाइंसाफ़ी का प्रतीक नहीं बनना चाहिए। डबल इंजन वाले मणिपुर में एक भी बुलडोज़र नहीं है क्या?’’

भाषा आनन्द शफीक

शफीक


लेखक के बारे में