बरेली में भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

बरेली में भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

बरेली में भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
Modified Date: January 3, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: January 3, 2026 7:35 pm IST

बरेली (उप्र), तीन जनवरी (भाषा) बरेली जिले के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

भाजपा और विधायक के परिवार के लोगों ने बताया कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उन्होंने बृहस्पतिवार को ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार को फरीदपुर की श्मशान भूमि पर दिवंगत विधायक का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों के बीच उनके बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में कई मंत्री और भाजपा नेता भी शामिल हुए।

इससे पहले फरीदपुर स्थित विधायक कार्यालय में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बरेली में विधायक श्याम बिहारी लाल के आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।

शनिवार दोपहर दो बजकर 13 मिनट पर विधायक की अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थक, मंत्री, पार्टी नेता और आम लोग शामिल हुए। राजकीय सम्मान के साथ तीन बजकर 20 मिनट पर श्मशान भूमि पर सलामी दी गई और तीन बजकर 40 मिनट पर उनके बेटे ने मुखाग्नि दी।

पार्टी के एक कार्यकर्ता ने बताया कि शुक्रवार को सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री की बैठक आयोजित की जा रही थी, जिसमें विधायक श्याम बिहारी लाल भी मौजूद थे। कार्यकर्ता के अनुसार, दोपहर करीब दो बजकर 15 मिनट पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

सहयोगियों ने उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और करीब तीन बजे उन्हें अंतिम सांस ली।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में