सपा नेताओं के खिलाफ ‘नकारात्मक अभियान’ चला रही है भाजपा : अखिलेश
सपा नेताओं के खिलाफ ‘नकारात्मक अभियान’ चला रही है भाजपा : अखिलेश
लखनऊ, 16 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर डिजिटल माध्यमों के जरिये अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ ‘नकारात्मक अभियान’ चलाने का आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी की भाषा अलोकतांत्रिक है।
यादव ने सपा मुख्यालय में अलग-अलग जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”भाजपा डिजिटल मंचों के जरिये उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ नकारात्मक अभियान चला रही है और सत्ताधारी पार्टी की भाषा अलोकतांत्रिक है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का एजेंडा समाज में नफरत फैलाना है और वह लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ है।
यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौर में मुनाफाखोरी की वजह से महंगाई बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार चरम पर है और लोग सरकार की नीतियों की वजह से परेशान हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए एक ‘सकारात्मक’ एजेंडे के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2027 में पार्टी के नेतृत्व में पीडीए की सरकार बनेगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा द्वारा घोषित किसी भी उम्मीदवार का समर्थन करने का आह्वान किया।
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौर में कानून-व्यवस्था बिगड़ी है और महिलाएं तथा लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार पर अपराध रोकने के बजाय अपने राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के लिए पुलिस मशीनरी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि लोग भाजपा सरकार के ‘अन्याय’ के खिलाफ आवाज उठाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता इसका विरोध करने के लिए तैयार है।
भाषा सलीम गोला
गोला

Facebook


