मेरठ में सीवेज प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी, 15 लोग बीमार

मेरठ में सीवेज प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी, 15 लोग बीमार

मेरठ में सीवेज प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी, 15 लोग बीमार
Modified Date: September 16, 2026 / 09:02 pm IST
Published Date: September 16, 2026 9:02 pm IST

मेरठ (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) मेरठ में एक मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) से क्लोरीन गैस के रिसाव होने पर उसके प्रभाव में आने से 15 लोग बीमार हो गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार इस घटना की मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिये गये हैं।

सूत्रों के मुताबिक यह घटना मंगलवार को पल्लवपुरम फेज-2 में आकांक्षा एम्बिएंस कॉलोनी के पास हुई। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव से घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए जिसके बाद सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिये लोगों को सलाह दी कि वे अपने चेहरे मास्क या रुमाल से ढक लें और घर के अंदर ही रहें।

सूत्रों ने बताया कि गैस के संपर्क में आने से 15 लोग बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से चार को छुट्टी दे दी गई है जबकि बाकी का इलाज चल रहा है।

जिलाधिकारी वी.के. सिंह ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे पल्लवपुरम में नगर निगम के एसटीपी में हुई।

उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम की शुरुआती जांच से पता चला है कि गैस का रिसाव संभवत: वाल्व में कट लगने के कारण हुआ था।

जिलाधिकारी ने बताया कि रिसाव की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी, विशेषज्ञ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा विशेषज्ञों की टीम ने गैस का रिसाव बंद कराया।

उन्होंने कहा कि मामले की मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए गए हैं और इसके लिए अपर जिलाधिकारी (नगर) की अध्यक्षता में एक समिति बनायी गयी है।

सिंह ने कहा कि जांच में रिसाव के कारणों और इसके पीछे किसी तरह की लापरवाही की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है।

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि रिसाव एसटीपी में लगे क्लोरीन सिलेंडर के खराब वाल्व के कारण हुआ था।

उन्होंने कहा, ”कुछ ही समय में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।”

भाषा सं. सलीम

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में