प्रधानमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा कल प्रदेशभर में करेगी प्रदर्शन

प्रधानमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा कल प्रदेशभर में करेगी प्रदर्शन

प्रधानमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा कल प्रदेशभर में करेगी प्रदर्शन
Modified Date: May 12, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: May 12, 2026 10:28 pm IST

लखनऊ, 12 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिला मुख्यालयों पर समाजवादी पार्टी के हमीरपुर सांसद अजेंद्र सिंह राजपूत (लोधी) द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन करेगी।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि बुधवार 13 मई, 2026 को जिला स्तर पर जिलाधिकारी कार्यालय परिसरों में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में पार्टी की महिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि राजनीतिक विरोध की आड़ में समाजवादी पार्टी द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल भारतीय राजनीति की ‘‘स्वस्थ परंपरा के खिलाफ है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका विरोध करेगी।

समाजवादी पार्टी के हमीरपुर सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने पार्टी के एक प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री की खर्चों में कटौती संबंधी अपील को ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ बताया था।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और महंगाई जैसे मुद्दों पर राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन सौंपने के लिए सोमवार को महोबा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व लोधी और पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव कर रहे थे।

इससे जुड़े एक वीडियो में लोधी को प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में वह प्रधानमंत्री की खर्चों में कटौती संबंधी अपील पर सवाल उठाते हुए उनकी विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।

ज्ञापन सौंपने के बाद लोधी ने चेतावनी दी थी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार को ‘‘परिणाम भुगतने होंगे।’’

भाषा आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में