फिरोजाबाद (उप्र), 19 जून (भाषा) जनपद फिरोजाबाद की भूड़ा नहर में शुक्रवार देर शाम को एक युवक और युवती के शव नहर में बहते हुए मिले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (शिकोहाबाद) अमरीश कुमार ने बताया कि शाम को पुलिस को सूचना मिली कि भूड़ा नहर में दो शव बहते हुए दिखाई दिए हैं जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
कुमार ने बताया कि युवक के पास मिले आधार कार्ड और पर्स के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर युवक की शिनाख्त जितेंद्र (26) पुत्र उमेश चंद्र निवासी जनपद एटा के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि जितेंद्र मुंबई में अपने भाई रोहित के साथ काम करता था। वह बुधवार को घर से मुंबई जाने के लिए निकला था। रास्ते में उसने फोन कर बताया था कि उसकी ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन से छूट गई है। इसके बाद से उससे कोई संपर्क नहीं हो सका था।
परिवार के अनुसार, नहर से बरामद युवती के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है और न ही उसके साथ जितेंद्र के किसी संबंध की जानकारी परिवार को है।
अमरेश कुमार ने बताया कि युवती की पहचान 28 वर्षीय फूलन देवी पत्नी उदयवीर निवासी नगला फकीरा थाना जसराना के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक