वाराणसी के छात्रावास की सीढ़ियों पर 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव मिला
वाराणसी के छात्रावास की सीढ़ियों पर 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव मिला
वाराणसी, 11 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक छात्रावास की सीढ़ियों पर 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतका सर्जिकल नर्सिंग कॉलेज की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ सारनाथ क्षेत्र में ही रहती थी। उसके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
परिजनों के अनुसार, छात्रा बुधवार सुबह दो लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था करने की बात कहकर घर से कॉलेज के लिए निकली थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन की तलाश कर रही है तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। छात्रा का परिवार अंतिम संस्कार के लिए चला गया है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत

Facebook


