मुख्यमंत्री ने 7,000 करोड़ रुपये का ‘कॉस्मेटिक फेशियल’ करवाया: अखिलेश
मुख्यमंत्री ने 7,000 करोड़ रुपये का ‘कॉस्मेटिक फेशियल’ करवाया: अखिलेश
लखनऊ, सात अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रचार पर हुए खर्च को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ‘कॉस्मेटिक फेशियल’ पर 7,000 करोड़ रुपये खर्च करके एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री जी ने जिस प्रकार जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स की लगभग 7000 करोड़ की महाराशि को अपनी झूठी छवि को सच्ची बताने-दिखाने पर ख़र्च किया है; वह ग़रीबी-बेकारी, बेरोज़गारी, मंदी, एमएसपी और बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी ज़रूरतों के लिए जूझ रहे देश के सबसे बड़े प्रदेश के लिए बेहद अवांछनीय और अति-निंदनीय है।”
उन्होंने लिखा, “हम इतनी ही राशि में केजी से पीजी और अनुसंधान स्तर के लिए दो-तीन शिक्षण संस्थान बनाकर बच्चों-युवाओं का भविष्य सुधारकर दिखाएंगे, उत्तर प्रदेश को तरक़्क़ी और ख़ुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे, हम नवभारत बनाएंगे।”
यादव के इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक विजय बहादुर पाठक ने पीटीआई से कहा, “प्रदेश सरकार का सूचना विभाग सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करता है। परंपरागत रूप से ऐसा होता रहा है।”
उन्होंने कहा, “सरकारी योजनाओं के प्रचार में मुख्यमंत्री की फोटो का उपयोग किया जाना स्वाभाविक है। सरकारी योजनाओं का प्रचार इसलिए किया जाता है ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े। अखिलेश जी के राज में क्या हुआ, उन्हें यह भी देखना चाहिए।”
भाषा राजेंद्र जोहेब
जोहेब

Facebook


