गोरखपुर में नदी किनारे बोरे से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद

गोरखपुर में नदी किनारे बोरे से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद

गोरखपुर में नदी किनारे बोरे से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
Modified Date: May 25, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: May 25, 2026 9:43 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 25 मई (भाषा) गोरखपुर जिले में सोमवार सुबह गीडा क्षेत्र के आमी नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) थाना क्षेत्र के तहत भरसांड में सेमराहवा बाबा मंदिर के पास करीब 30 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को शक है कि हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए शव को एक बोरे में डालकर नदी के किनारे फेंक दिया है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने नदी के किनारे एक बोरा पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब बोरा खोला तो उसके अंदर एक व्यक्ति का शव मिला।

सूत्रों के अनुसार शव के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे, जबकि गर्दन पर गहरे घाव थे जिससे लग रहा था कि उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आस-पास के गांवों और थानों से लापता व्यक्तियों की रिपोर्ट की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

भाषा सं. सलीम शोभना

शोभना


लेखक के बारे में