शाहजहांपुर में भाजपा सांसद के बेटे से जुड़े विवाद में जातीय खेमेबंदी, सपा-भाजपा आमने-सामने

शाहजहांपुर में भाजपा सांसद के बेटे से जुड़े विवाद में जातीय खेमेबंदी, सपा-भाजपा आमने-सामने

शाहजहांपुर में भाजपा सांसद के बेटे से जुड़े विवाद में जातीय खेमेबंदी, सपा-भाजपा आमने-सामने
Modified Date: May 2, 2026 / 06:02 pm IST
Published Date: May 2, 2026 6:02 pm IST

शाहजहांपुर (उप्र), दो मई (भाषा) शाहजहांपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अरुण सागर के बेटे को जातिसूचक गाली देने से जुड़ा एक ऑडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है।

विवाद ने अब जातीय खेमेबंदी का रूप ले लिया है । भाजपा और सपा नेताओं ने अलग-अलग प्रेस वार्ता कर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।

साउथ सिटी कॉलोनी में 28 अप्रैल को अरुण सागर के बेटे का गाड़ी निकालने को लेकर नीटू सिंह नामक एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। आरोप है कि नीटू सिंह ने सांसद के बेटे को जातिसूचक गालियां दीं जिसके बाद सियासत गरमा गई।

शुक्रवार को अरुण सागर ने प्रेस वार्ता में नीटू सिंह परिवार के पक्षधर एक सपा नेता पर आरोप लगाया था कि वह अनर्गल प्रचार कर ठाकुर समाज को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने एक ऑडियो भी पत्रकारों को दिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित है।

ऑडियो में एक व्यक्ति पुलिस, ब्राह्मण और अनुसूचित जाति के व्यक्ति के लिए अपशब्द कहता सुनाई दे रहा है।

ऑडियो में सुनाई दे रहा है, “अनुसूचित जाति के लोग हमारी सेवा करेंगे, पंडित हमारी मजदूरी करेगा, क्योंकि हम राजा हैं।”

सांसद ने कहा कि उन्होंने अभी तक थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद जरूरत पड़ने पर वह शिकायत देंगे।

इस मामले में शनिवार को सपा के पूर्व प्रदेश महासचिव और नीटू सिंह के परिवार के समर्थक लखन प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता कर कहा कि दोषियों को सजा मिले, लेकिन उनके परिजनों को प्रताड़ित करना गलत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नीटू सिंह के परिजनों को पुलिस से पिटवाया गया।

उन्होंने कहा कि नीटू सिंह पर तीन माह पहले दर्ज झगड़े के मामले में समझौता हो चुका था, फिर भी धाराएं बढ़ाकर उनके परिवार के मुकेश सिंह को जेल भेज दिया गया तथा अब पुलिस नीटू सिंह को तलाश रही है।

उन्होंने प्रसारित ऑडियो की निंदा करते हुए कहा कि ब्राह्मण, पुलिस और अनुसूचित जाति के व्यक्ति को गाली देना गलत है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि सांसद की प्रेस वार्ता संज्ञान में है, लेकिन उनकी ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

मुकेश सिंह को जेल भेजने पर एसपी ने स्पष्ट किया कि मुकेश सिंह एक वीडियो में लाइव आकर फायरिंग करते दिखे थे। दीक्षित ने कहा कि उसी पुराने मामले में उन्हें जेल भेजा गया है।

नीटू सिंह भी इस मामले में फरार बताए जा रहे हैं।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में