उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 का पहला चरण पूरा, मकान-सूचीकरण कार्य शत-प्रतिशत सफल

उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 का पहला चरण पूरा, मकान-सूचीकरण कार्य शत-प्रतिशत सफल

उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 का पहला चरण पूरा, मकान-सूचीकरण कार्य शत-प्रतिशत सफल
Modified Date: June 20, 2026 / 10:04 pm IST
Published Date: June 20, 2026 10:04 pm IST

लखनऊ, 20 जून (भाषा) जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत उत्तर प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक चलाया गया मकान-सूचीकरण एवं मकान जनगणना का कार्य निर्धारित समय में शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

बयान में इसे प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया गया है।

बयान के अनुसार यह कार्य राज्य की सभी प्रशासनिक इकाइयों में संपन्न हुआ, जिनमें 75 जिले, 350 तहसीलें, 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद, 545 नगर पंचायतें, 13 छावनी परिषद, आठ औद्योगिक टाउनशिप तथा 1195 चार्ज शामिल हैं। यह कार्य लगभग 1.04 लाख गांवों एवं 14,983 वार्डों के 3,90,717 मकान-सूचीकरण ब्लॉकों में पूरा किया गया, जिसमें लगभग पांच लाख प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने इस सफल अभियान के लिए मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन तथा भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इस कार्य में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों, जिला जनगणना अधिकारियों, प्रभारी अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के योगदान को सराहनीय बताया गया है। एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारियों के तकनीकी सहयोग की भी विशेष प्रशंसा की गई है।

निदेशालय ने कहा कि इस अभियान की सफलता प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के अथक परिश्रम पर आधारित रही, जिन्होंने अत्यधिक गर्मी के बावजूद अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

इसके साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और आम जनता द्वारा प्रगणकों का सहयोग करते हुए आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया गया।

निदेशालय ने कहा कि यह सामूहिक प्रयास जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करता है।

भाषा

आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में