उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की
Modified Date: May 24, 2026 / 12:30 am IST
Published Date: May 24, 2026 12:30 am IST

लखनऊ, 23 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी के बीच अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) और उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने शनिवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की और बिजली आपूर्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी।

एक बयान के मुताबिक गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।

उन्होंने प्रदेश की सभी बिजली वितरण कंपनियों के प्रबन्ध निदेशक से लेकर अधिशासी अभियन्ताओं से विद्युत आपूर्ति को लेकर विस्तृत जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।

यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने नोएडा, लखनऊ, गाजियाबाद, बुलन्दशहर, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर, मथुरा, फिरोजाबाद, झांसी, बरेली, उन्नाव, बनारस, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया और कानपुर (केस्को) के मुख्य अभियन्ताओं से विद्युत आपूर्ति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

गोयल ने बैठक में कहा कि इस समय भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। ऐसे मौसम में सुचारु विद्युत आपूर्ति का अत्यधिक महत्व है इसलिए सभी क्षेत्रों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप विद्युत आपूर्ति प्राप्त हो। सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष रूप से सजगता बरतें।

उपकेन्द्रों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त की जाए। जिन क्षेत्रों में रात्रि में अचानक लोड में अत्यधिक बढ़ोत्तरी होने के कारण ट्रांसफार्मर या लाइनों पर लोड बढ़ता है, उनको चिन्हित कर निगरानी दल के साथ जांच अभियान चलाने के निर्देश दिये।

बैठक के दौरान यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्तता, ट्रिपिंग एवं सामग्री उपलब्धता के बारे में भी पूछा। सभी मुख्य अभियन्ताओं का कहना था कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप ग्रामीण एवं शहरों को क्रमशः 18 एवं 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

गोयल ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्टेशनों पर अधिकारियों की तैनाती बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि गर्मी और लू के मौसम में सामान्य बिजली कटौती न की जाए। कहीं भी ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने, तार गिरने तथा ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का बिना विलम्ब निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। ट्रांसमिशन एवं वितरण के अधिकारी परस्पर सामंजस्य स्थापित करके कार्य करें जिससे ट्रांसमिशन के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।

यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने कहा कि विद्युत वितरण कार्यों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपभोक्ताओं को विद्युत व्यवधान और आपूर्ति के बारे में सही जानकारी दें।

उन्होंने कहा कि किसी की भी लापरवाही से विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी तो उस पर कार्रवाई होगी।

उन्होंने जन प्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, उपभोक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल करते हुए व्हाट्सऐप समूह बनाने का निर्देश दिया ताकि बिजली आपूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां नियमित रूप से साझा की जा सकें। जिन क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती होती है, वहां विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।

भाषा जफर गोला

गोला


लेखक के बारे में