उप्र: गाजियाबाद में 11वीं के विद्यार्थी की चाकू से हमला कर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
उप्र: गाजियाबाद में 11वीं के विद्यार्थी की चाकू से हमला कर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद, 30 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मामूली कहासुनी के दौरान कथित रूप से चाकू से किये गये हमले में गम्भीर रूप से घायल हुए 11वीं कक्षा के एक विद्यार्थी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में पांच में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि 28 मई को खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाले सूर्य चौहान (17) को गम्भीर हालत में एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन नाजुक हालत के कारण उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी।
सूर्य चौहान के परिवार ने आरोप लगाया कि 28 मई की दोपहर उसे किसी ने फोन किया था और उसे एक तय जगह पर मिलने के लिए बुलाया था।
परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ वहां गया तो उनके बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसके पेट में चाकू से कई वार किये गये।
परिवार के लोगों ने दावा किया कि सूर्य अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और फिर से चाकू से उस पर वार किये।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिलने पर पुलिस घायल लड़के को तुरंत अस्पताल ले गयी, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
श्रीवास्तव ने बताया कि सूर्य चौहान के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया और बाकी दो को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे का मकसद आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा।
पुलिस उपायुक्त (नगर क्षेत्र) धवल जायसवाल ने बताया कि सूर्य चौहान का शव पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया, जिससे कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू खरीदा गया था।
जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी व सूर्य चौहन एक-दूसरे को जानते थे और उनमें दोस्ती भी थी।
पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और गुस्से में आकर एक आरोपी ने चौहान पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया।
इस बीच, मृतक की बहन ने कहा, “उसके भाई को झूठे बहाने से वहां बुलाया गया था। वह घर पर था जब उसे एक फोन आया, ‘यहां आओ, चलो ईद मनाते हैं। वह जाना नहीं चाहता था लेकिन उन्होंने आग्रह किया कि वह आये। वे उसे अपने साथ ले गये। वहां कुल सात लोग थे। उन सातों ने मिलकर चाकुओं से उस पर हमला कर दिया।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लखनऊ में संवाददाताओं से कहा, “हत्यारों को फांसी की सजा दी जाएगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस बीच, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया है।
मायावती ने ‘एक्स’ पर कहा, “सरकार और प्रशासन को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दोषियों को सजा दिलाने की मांग की।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगले साल राज्य में चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में इस तरह के अपराधों के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।
भाषा सलीम जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


