अमेठी में सीएमओ कार्यालय का लिपिक 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
अमेठी में सीएमओ कार्यालय का लिपिक 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
अमेठी, 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक लिपिक संजय मिश्रा को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की टीम ने शुक्रवार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि संजय मिश्रा कार्यालय में वरिष्ठ सहायक लिपिक के पद पर तैनात थे और नर्सिंग शाखा का कार्य देख रहे थे।
उन्होंने बताया कि नर्सिंग विभाग से सेवानिवृत्त भेंटुआ निवासी निर्मला त्रिपाठी ने आरोप लगाया था कि बकाया, पेंशन और अन्य देय भुगतानों से संबंधित कार्य करने के एवज में उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
सीएमओ ने बताया कि शिकायत के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने शुक्रवार दोपहर कार्रवाई करते हुए संजय मिश्रा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुसाफिरखाना थाने ले जाया गया है, जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने सहित अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अतुल कुमार सिंह ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


