साइबर जालसाजों ने भाजपा एमएलसी को किया डेढ़ घंटे तक ‘डिजिटल अरेस्ट’, मुकदमा दर्ज
साइबर जालसाजों ने भाजपा एमएलसी को किया डेढ़ घंटे तक 'डिजिटल अरेस्ट', मुकदमा दर्ज
सुलतानपुर (उप्र), पांच मार्च (भाषा) सुलतानपुर में साइबर ठगों ने भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शैलेंद्र सिंह को कथित तौर पर करीब डेढ़ घंटे तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
विधान परिषद सदस्य की शिकायत पर इस संबंध में सुलतानुपर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
साइबर थाना प्रभारी अखंडदेव मिश्रा ने कहा, ‘‘पुलिस अब उन नंबरों और ‘आईपी एड्रेस’ का पता लगा रही है, जिनसे यह कॉल आई थी।’’
शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें दो मार्च को एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आया और कॉल करने वाले ने कहा कि वह मुंबई आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) से बोल रहा है तथा उनके (सिंह के) एक बैंक खाते से धन शोधन व अन्य संदिग्ध वित्तीय गतिविधियां की जा रही हैं।
एमएलसी ने कहा, ‘‘मुझसे कहा गया कि आपका बैंक खाता केनरा बैंक में है। मैंने कहा कि मेरा लखनऊ और सुलतानपुर के बाहर कहीं कोई खाता नहीं है। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक मुझे वीडियो कॉल पर उलझाए रखा और कमरे को अंदर से बंद करने तथा किसी से बात न करने के लिए कहा।’’
उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले लोग उनसे लगातार आधार कार्ड और बैंक खाते से जुड़ी जानकारियां मांग रहे थे।
सिंह ने कहा, ‘‘उनके कुछ करीबियों को संदेह हुआ तो उन्होंने उस नंबर की जांच की जिसमें पता चला कि वह नंबर मुंबई एटीएस का नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के सतना की एक महिला के नाम पर पंजीकृत है।’’
एमएलसी ने बताया कि जैसे ही ठगों को लगा कि उनकी पोल खुल रही है, उन्होंने कॉल समाप्त कर दी।
भाषा सं सलीम
मनीषा खारी
खारी

Facebook


