मैनपुरी में कर्ज से परेशान बुजुर्ग किसान दंपति ने जहर खाकर आत्महत्या की
मैनपुरी में कर्ज से परेशान बुजुर्ग किसान दंपति ने जहर खाकर आत्महत्या की
मैनपुरी (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) मैनपुरी जिले के बरनाहल थाना क्षेत्र के अढूपुर गांव में एक बुजुर्ग किसान दंपति ने संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक ने छोटे बेटे की नौकरी के लिए दो बीघा जमीन बेची थी और फसल खराब होने से लिए गए कर्ज को चुका नहीं पा रहे थे।
बरनाहल के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि अढूपुर निवासी संतोष कुमार (66) और उनकी पत्नी राधा देवी (60) ने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जहर खा लिया, जहां दोनों बेहोशी की हालत में मिले। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से सल्फास बरामद हुआ है।
गांववालों के अनुसार, संतोष कुमार ने अपने छोटे बेटे दिलीप कुमार (32) की सेना में नौकरी के दौरान दो बीघा जमीन बेची थी। उन्होंने 60,000 रुपये का फसल ऋण भी लिया था। आलू की फसल में नुकसान के कारण कर्ज ब्याज समेत 2.82 लाख रुपये हो गया था, जिसे वे चुका नहीं पाए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक तिवारी ने बताया कि उनके बड़े बेटे प्रदीप ने कहा कि वह माता-पिता के साथ गांव में रहता था। शनिवार शाम माता-पिता बेहोश मिले, जिनकी अस्पताल में मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतक पर 60,000 रुपये का कर्ज था, जो ब्याज सहित 2.82 लाख रुपये हो गया था। करीब चार महीने पहले वसूली प्रमाण पत्र जारी हुआ था, लेकिन कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि छोटा बेटा कर्ज चुकाने के लिए जमीन बेचने का दबाव बना रहा था, जबकि बड़ा बेटा और मृतक इसके लिए तैयार नहीं थे। यही पारिवारिक कलह का मुख्य कारण था।
उन्होंने कहा कि बरनाहल थाने में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।
भाषा सं आनन्द
मनीषा
मनीषा

Facebook


