पंचायत चुनाव में हो रही देरी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित : पल्लवी पटेल
पंचायत चुनाव में हो रही देरी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित : पल्लवी पटेल
बरेली, 28 मार्च (भाषा) अपना दल (कमेरावादी) की वरिष्ठ नेता पल्लवी पटेल ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में हो रही देरी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
बरेली में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और मंत्रियों के बीच समन्वय की कमी के कारण प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से काम नहीं कर पा रही है।
समाजवादी पार्टी की मौजूदा विधायक ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पंचायत चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके।
पटेल ने कहा कि एक ओर राज्य की 80 प्रतिशत आबादी को मुफ्त राशन के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर देश को दुनिया की मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में गिना जा रहा है, जो विरोधाभासी स्थिति है।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े वर्ग के लिए निर्धारित 27 प्रतिशत आरक्षण को पूरी तरह लागू नहीं किया जा रहा है और सत्ता व संसाधनों पर कुछ चुनिंदा लोगों का कब्जा बना हुआ है।
उन्होंने सरकार से जल्द जाति जनगणना कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसी आधार पर उन्हें उचित हिस्सेदारी मिल सकेगी।
शिक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार 27,000 सरकारी स्कूल बंद करने की तैयारी में है, जिससे गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी।
पटेल ने कहा कि सरकार को शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय स्कूल बंद करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने बुद्धिजीवियों से अपील की कि वे आगे आकर वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाएं।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


