पश्चिम एशिया संकट के बावजूद प्रधानमंत्री ने देशवासियों पर नहीं पड़ने दिया कीमतों का बोझ : योगी

Ads

पश्चिम एशिया संकट के बावजूद प्रधानमंत्री ने देशवासियों पर नहीं पड़ने दिया कीमतों का बोझ : योगी

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 10:22 PM IST

लखनऊ, 18 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम एशिया में जारी संकट को पूरी दुनिया के सामने खड़ी एक चुनौती करार देते हुए सोमवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो महीनों से चले आ रहे संकट के बावजूद भारत के नागरिकों पर कीमतों का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में एक प्रमुख हिन्दी दैनिक अखबार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका—इजरायल और ईरान के बीच युद्ध से पश्चिम एशिया में जारी संकट न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी दुनिया के लिये चुनौती है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि 60 दिनों से जारी संकट के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि देश के नागरिकों पर कोई अतिरिक्त बोझ न पड़े।

आदित्यनाथ ने कहा कि यह अमेरिका जैसी बड़ी वैश्विक शक्तियों के बिल्कुल विपरीत है, जहां महंगाई आसमान छू रही है और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में कई गुना इजाफा हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारत के भीतर पेट्रोल—डीजल के दामों को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया है।

आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के कारपूलिंग करने और ईंधन बचाने में योगदान देने के लिए सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों का उपयोग करने के आह्वान पर भारत की जनता ने एक बार फिर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”मेरा मानना है कि जब देश एक ही दिशा में सोचता है, जब हमारे विचार एक होते हैं, तो परिणाम मिलते हैं। जब राष्ट्र मिलकर आगे बढ़ता है, तो प्रगति हासिल होती है।”

भाषा सलीम रंजन

रंजन