राहुल, अखिलेश हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि आपके झांसे में आएंगे:नितिन नवीन

Ads

राहुल, अखिलेश हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि आपके झांसे में आएंगे:नितिन नवीन

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 05:37 PM IST

लखनऊ, पांच जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को विपक्षी दलों के नेताओं को अयोध्‍या के राम मंदिर में चढ़ावे में वित्तीय अनियमितता मामले में चुनौती देते हुए कहा कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि आपके झांसे में आ जाएंगे।

नितिन नवीन ने यहां राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल में अवध क्षेत्र के शक्ति केन्‍द्र संयोजकों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी, अखिलेश यादव और (अरविंद) केजरीवाल जी हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि आपके झांसे में आएंगे, आपके भरमाने में आयेंगे।’’

उन्‍होंने आरोप लगाया, ‘‘हमने देखा है कि जब हिंदू देवी देवताओं का अपमान होता है तो आप मौन रहते हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देखा गया है कि जब राम चरित मानस का अपमान हुआ तो कांग्रेस के लोग मौन बैठे थे।

नवीन ने कहा, ‘‘आज कुछ लोग अयोध्‍या के श्रीराम मंदिर की चर्चा कर रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्‍होंने प्रभु श्रीराम के होने के अस्तित्‍व पर सवाल उठाया था। इन लोगों ने उच्‍चतम न्‍यायालय में हलफनाम दायर किया कि प्रभु श्रीराम एक काल्‍पनिक चीज हैं, ये वही लोग हैं जिन्‍होंने कार सेवकों पर गोलियां चलाई थीं और अयोध्‍या की पवित्र नगरी पर खून की नदियां बहीं थीं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज वे लोग आस्‍था की बात करते हैं, ये घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी हिंदू धर्म की आस्‍था की बात उठा ही नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विहिप का संघर्ष और 500 वर्षों का आस्‍था का जो संघर्ष है, वह कहीं न कहीं अयोध्‍या के भव्‍य श्रीराम मंदिर के रूप में सामने दिखता है।

नवीन ने कहा, ‘‘मैं स्‍पष्‍ट कहना चाहता हूं कि हमारा खून भी बह जाएगा तो हम इस बात की चिंता करेंगे कि प्रभु श्रीराम की आस्‍था से कोई खेल नहीं सकता, चाहे कितनी भी कुर्बानी देनी पड़े।’’

नवीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्‍पष्‍ट किया है कि हर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विपक्ष पर हमला करते हुए उन्‍होंने कहा, ‘‘आपने तो खून की नदियां बहाई हैं, आपकी विरासत हिंदुओं पर गोली चलाने की रही है और हमारी विरासत देवी देवताओं की आस्‍था के लिए कुर्बान होने की रही है।’’

नवीन ने कहा, ‘‘हमने विरासत को संजोया है, उसको संभालेंगे भी और उस पर गर्व करने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।’’

सम्मेलन को उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्‍यमंत्रियों – केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने संबोधित किया।

भाषा आनन्‍द शफीक

शफीक