छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण न करें : उप्र भाजपा अध्यक्ष चौधरी
छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण न करें : उप्र भाजपा अध्यक्ष चौधरी
लखनऊ (उप्र) 24 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक समेत परीक्षा प्रणाली में अनियमितता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उप्र इकाई के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे छात्रों से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण न करें। उन्होंने कहा कि इसके बजाय समाधान की तलाश की जानी चाहिए।
शुक्रवार को नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावको ने यहां भाजपा नेता से भेंट की।
चौधरी ने अपने राजधानी लखनऊ स्थित आवास पर नीट में सफल छात्रों का स्वागत किया तथा उनकी सफलता पर उनको बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि छात्र ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा, “छात्र किसी पक्ष व विपक्ष के नहीं होते, बल्कि उनका एक मात्र ध्येय अपने लक्ष्य को प्राप्त करना और राष्ट्र के विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका सुनिश्चित करना होता है।”
चौधरी ने कहा कि यही छात्र शक्ति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विकसित भारत निर्माण के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, “युवाओं के भविष्य के साथ, देश के भविष्य के साथ राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि सकारात्मकता के साथ समाधान खोजे जाने चाहिए।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता छात्रों का हित है और उनके हित में निर्णय लिए जा रहे है। हमारी प्रतिबद्धता है कि युवाओं के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा, “पेपर लीक एक समस्या है, पिछली सरकारों के समय में भी दर्जनों पेपर लीक हुए है, लेकिन मोदी सरकार में परीक्षा को लीक प्रूफ बनाने के लिए कड़े कानूनी और प्रशासनिक कदम उठायें है। दर्जनों गिरफ्तारियां हुई हैं और पिछले एक महीने में तीन लीक प्रूफ परीक्षाएं आयोजित की गई हैं।”
चौधरी ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं है बल्कि छात्रों की समस्याओं के समाधान का है। नीट सहित अन्य विषयों पर भी सदन में चर्चा होनी चाहिए और सभी का प्रयास समस्या के समाधान का होना चाहिए। चौधरी ने नीट परीक्षा में सफल सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी उपस्थित रहे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉजपा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाषा आनन्द
प्रशांत
प्रशांत

Facebook


