डिवाइडर से टकराकर पलटी डबल डेकर बस, दारोगा समेत छह यात्रियों की मौत, 21 घायल
डिवाइडर से टकराकर पलटी डबल डेकर बस, दारोगा समेत छह यात्रियों की मौत, 21 घायल
उन्नाव (उप्र), 26 मई (भाषा) उन्नाव जिले के औरास क्षेत्र में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर एसी बस के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट जाने से उस पर सवार एक दारोगा समेत छह लोगों की मौत हो गई, तथा तीन अन्य पुलिसकर्मियों सहित 21 लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर निभा खेड़ा गाँव के पास सुबह करीब सवा पांच बजे हुआ।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से बिहार जा रही बस में लगभग 50 यात्री सवार थे और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे।
औरास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉक्टर अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 28 घायलों और मृतकों को अस्पताल लाया गया, जिनमें छह लोगों को मृत घोषित किया गया।
उन्होंने बताया कि 21 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि एक महिला को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
तिवारी ने बताया मृतकों में पुलिस दारोगा रवि चरण राम (लगभग 50 वर्ष), गोरखपुर निवासी सुरेश कुमार जायसवाल (40), विदेशी गुप्ता (45), बस्ती निवासी विजय कुमार (24) और दो अज्ञात लोग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं जिनमें से कुछ को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए इसमें हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य करने के तथा घायलों का समुचित इलाज करवाने के आदेश दिए हैं।
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजन को उचित मुआवजा देने के आदेश भी दिए हैं।
भाषा सं सलीम वैभव रंजन
रंजन

Facebook


