एलपीजी की भारी कमी के कारण, काशी की पवित्र ‘मां अन्नपूर्णा की रसोई’ को भी बंद करना पड़ा:अजय राय

एलपीजी की भारी कमी के कारण, काशी की पवित्र 'मां अन्नपूर्णा की रसोई' को भी बंद करना पड़ा:अजय राय

एलपीजी की भारी कमी के कारण, काशी की पवित्र ‘मां अन्नपूर्णा की रसोई’ को भी बंद करना पड़ा:अजय राय
Modified Date: March 14, 2026 / 09:55 pm IST
Published Date: March 14, 2026 9:55 pm IST

लखनऊ/वाराणसी (उप्र), 14 मार्च (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को दावा किया कि एलपीजी की भारी कमी के कारण, काशी की पवित्र ‘मां अन्नपूर्णा की रसोई’ को भी आज बंद करना पड़ा।

अजय राय ने ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया, ‘‘काशी की सदियों पुरानी परंपरा पर ये कैसी चोट है, नरेन्द्र मोदी जी?’’

उन्‍होंने लिखा, ‘‘अत्यंत पीड़ा का विषय है कि एलपीजी की किल्लत के कारण काशी की पावन ‘मां अन्नपूर्णा की रसोई’ तक को आज बंद करना पड़ गया। जिस द्वार से कभी कोई भूखा नहीं लौटा, वहां आज साधु-संतों और भक्तों को बिना भोजन वापस जाना पड़ रहा है।’’

राय ने यह भी लिखा, ‘‘यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि महादेव की नगरी की आस्था पर प्रहार है। क्या आपके संसदीय क्षेत्र में भी अब चूल्हे नहीं जलेंगे? मेरी मांग है कि वाराणसी समेत पूरे प्रदेश में गैस आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए। जमाखोरी और कुप्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई हो।’’

प्रदेश अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री को लिखा अपना पत्र भी साझा किया।

अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर गिरी महाराज ने बताया कि अन्नपूर्णा मंदिर में गैस सिलेंडर की कमी की वजह से अन्न क्षेत्र में श्रद्धालुओं को प्रसाद देने पर संकट छा गया है। उन्होंने कहा कि पहले गैस एजेंसी वाले एक-दो गैस सिलेंडर दे रहे थे, दो-तीन दिन से वह भी बंद है।

उन्‍होंने कहा कि मंदिर के दो ‘यूनिट’ में से एक यूनिट आज सुबह से बंद है तथा दूसरी यूनिट भी लगभग बंद होने के कगार पर है, ऐसे में श्रद्धालुओं को प्रसाद नहीं मिल पा रहा है।

गिरी ने बताया कि तमाम अधिकारियों के फोन भी आए हैं कि आपको गैस सिलेंडर मिलेगा पर अभी तक कोई गैस सिलेंडर नहीं मिला है।

गिरी ने बताया कि 20 से 25 हजार लोगों को प्रतिदिन अन्नपूर्णा मंदिर में प्रसाद दिया जाता था लेकिन आज लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं के लिए ही प्रसाद की व्यवस्था हो पाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हम प्रसाद की व्यवस्था कर पाने में सक्षम नहीं है।

शहर में गैस आपूर्ति की स्थिति और उपभोक्ताओं को हो रही दिक्क़त पर मंत्री रवीन्द्र जायसवाल और जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार ने शनिवार को बैठक की।

बैठक के बाद जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वाराणसी में एलपीजी गैस की कोई दिक्कत नहीं है। शुक्रवार को आयोजित की गई बैठक में अन्नपूर्णा मंदिर के प्रबंधन की ओर से गैस की कमी का मुद्दा नहीं उठाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर प्रबंधन को जल्द ही गैस उपलब्ध करा दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि इस मामले में अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की नजर है।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में