अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं, आरोपियों पर तत्काल करें कार्रवाईः योगी आदित्यनाथ
अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं, आरोपियों पर तत्काल करें कार्रवाईः योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 22 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ आयोजित किया, जिसमें उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की।
बयान में कहा गया है कि उन्होंने प्रत्येक फरियादी की बात सुनी, उनके प्रार्थना पत्र लिए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझा, साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसी दौरान मथुरा से आए एक वृद्ध व्यक्ति ने बताया कि चकरोड पर अवैध अतिक्रमण हो गया है और स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने और यदि अतिक्रमण पाया जाए तो उसे तत्काल हटाने तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों को किसी भी हाल में अनदेखा नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरण जैसी सभी संबंधित संस्थाओं को नियमित रूप से निगरानी करनी चाहिए ताकि ऐसी समस्याएं दोबारा न हों।
‘जनता दर्शन’ के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली, पुलिस और राजस्व से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार हर नागरिक की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, सरकार हर परिस्थिति में प्रदेश की जनता के साथ खड़ी है।
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बाहर से आए फरियादियों का हालचाल भी जाना और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दोपहर की तेज धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने तथा हल्का और संतुलित भोजन करने की सलाह दी।
भाषा आनन्द मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


