इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया
इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया
कन्नौज (उप्र), 20 अगस्त (भाषा) कन्नौज के तिर्वा क्षेत्र में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने पिछले पांच महीनों से छात्रवृत्ति का भुगतान न होने पर बृहस्पतिवार को संस्थान के मुख्य द्वार पर विरोध-प्रदर्शन किया।
बैनर लेकर छात्र कॉलेज के बाहर एकत्र हुए और धरना दिया तथा आरोप लगाया कि वरिष्ठ अधिकारियों और समाज कल्याण विभाग के कार्यालयों में बार-बार जाने के बावजूद उन्हें छात्रवृत्ति राशि जारी करने के संबंध में केवल आश्वासन ही मिले हैं।
इंजीनियरिंग कॉलेज में लगभग 710 छात्र नामांकित हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि हर साल मिलने वाली छात्रवृत्ति से उन्हें अपनी पढ़ाई से संबंधित खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है, लेकिन पिछले पांच महीनों की राशि का भुगतान नहीं हुआ है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली, तिर्वा पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह और तहसीलदार अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वैशाली ने कॉलेज निदेशक मनोज शुक्ला से मामले की जानकारी ली और बाद में प्रदर्शनकारी छात्रों से वार्ता की।
अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि छात्रवृत्ति राशि जल्द से जल्द जारी की जाए।
अधिकारियों ने बताया कि आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना विरोध-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक

Facebook


