मेरठ में कूड़े के ढेर में धमाके से अफरा-तफरी, घटना में कोई हताहत नहीं

मेरठ में कूड़े के ढेर में धमाके से अफरा-तफरी, घटना में कोई हताहत नहीं

मेरठ में कूड़े के ढेर में धमाके से अफरा-तफरी, घटना में कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 20, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: June 20, 2026 9:18 pm IST

मेरठ, 20 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शनिवार को एक खाली भूखंड में पड़े कूड़े के ढेर में तेज विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के समर गार्डन इलाके में 60 फुटा चौराहे के पास हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नरहड़ा गांव निवासी ताहिर के स्वामित्व वाले इस खाली भूखंड में लंबे समय से कूड़ा जमा किया जा रहा था। शनिवार दोपहर अचानक कूड़े के ढेर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद उसमें आग लग गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इसके बाद क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि मौके पर श्वान दस्ते और फॉरेंसिक विभाग की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जले हुए अवशेष और अन्य नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं।

क्षेत्राधिकारी (ब्रह्मपुरी) सौम्या अस्थाना ने कहा कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कूड़े के ढेर में लगी आग से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में