बरेली में बाग में किसान का खून से लथपथ शव मिला
बरेली में बाग में किसान का खून से लथपथ शव मिला
बरेली (उप्र), एक मई (भाषा) बरेली जिले के फरीदपुर थानाक्षेत्र के रायपुर हंस गांव में शुक्रवार सुबह आम के बाग में एक किसान का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है और वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रायपुर हंस गांव के निवासी इंद्रपाल(45) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
दक्षिण क्षेत्र की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंशिका वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, इंद्रपाल अपने घर में अकेले रहते थे और इन दिनों आम के बाग की रखवाली कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने बाग में चारपाई के पास उसका शव पड़ा देखा।
पुलिस ने कहा कि मृतक के सीने, पेट और पैर पर गोलियों के निशान थे। परिजन ने आरोप लगाया कि गांव के निवासी ऋषिपाल का बेटा विकास मृतक की भतीजी को बहला-फुसलाकर ले गया था. इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश थी।
परिजन का आरोप है कि इसी दुश्मनी के कारण ऋषिपाल, सर्वेश, विकास और संगम ने मिलकर हत्या की और वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हैं।
परिजन ने बताया कि इंद्रपाल बृहस्पतिवार रात एक विवाह समारोह से लौटकर रोज की तरह बाग में रखवाली करने चले गए थे और सुबह शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
भाषा सं आनन्द
जोहेब
जोहेब

Facebook


