किसान समूह बनाकर कार्य करेंगे तभी उन्हें योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा: जयंत चौधरी
किसान समूह बनाकर कार्य करेंगे तभी उन्हें योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा: जयंत चौधरी
लखनऊ, 15 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने रविवार को कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ तभी मिल सकता है, जब वे जागरूक होकर संगठित तरीके से काम करें और समूह बनाकर अपनी गतिविधियों का विस्तार करें।
चौधरी ने देवरिया शहर के चीनी मिल ग्राउंड में पार्टी की ओर से आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि ‘फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन’ (एफपीओ) के माध्यम से किसान अपनी उपज को बेहतर बाजार तक पहुंचा सकते हैं और व्यापार का विस्तार कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से किसानों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की सीमा बढ़ाई गई है लेकिन इन योजनाओं का पूरा लाभ तभी मिलेगा जब किसान जागरूक होकर समूह बनाकर कार्य करेंगे।
चौधरी ने कहा कि किसान स्वभाव से ही जोखिम उठाने वाला होता है और हर मौसम तथा हर सीजन में खेती के साथ जोखिम लेता है।
उन्होंने कहा कि अगर किसानों की नई पीढ़ी खेती के साथ-साथ व्यापार और प्रबंधन की समझ भी विकसित कर ले, तो गांवों की तस्वीर बदल सकती है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने दादा दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह व पिता स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार भी उन्हीं के विचारों के अनुरूप किसानों के हित में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज किसान असहाय नहीं बल्कि वह देश की सांस्कृतिक धरोहर है।
इससे पहले प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि रालोद आज भी गरीबों, असहायों और किसानों के हितों के लिए संघर्ष कर रहा है।
सभा को भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री त्रिलोक त्यागी तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी राम अशीष राय सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


