फिरोजाबाद (उप्र), 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रूपसपुर क्रॉसिंग के निकट ‘डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर’ (डीएफसी) लाइन पर बुधवार शाम टूंडला से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। थोड़ी देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
थाना जीआरपी प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे डीएफसी लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरे डिब्बे को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाना शुरू किया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
दमकल विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
चूंकि घटना ‘डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर’ की लाइन पर हुई थी, इसलिए सामान्य रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारण का पता चल सकेगा।
भाषा सं राजेंद्र संतोष
संतोष