पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को मिली देवरिया मेडिकल कॉलेज से छुट्टी
पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को मिली देवरिया मेडिकल कॉलेज से छुट्टी
देवरिया (उप्र), तीन फरवरी (भाषा) पेट दर्द होने पर देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराये गये धोखाधड़ी के एक मामले के आरोपी पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को डॉक्टरों ने तीन दिन बाद मंगलवार को छुट्टी दे दी।
मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि चौथे दिन जांच रिपोर्ट ठीक आने के बाद ठाकुर को अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय लिया गया।
ठाकुर ने भी बताया कि वह अब अच्छा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर राकेश कुमार की देखरेख में उन्हें दवाएं देकर छुट्टी दे दी गई।
पूर्व आईपीएस अधिकारी को पेट में दर्द होने पर शनिवार को जिला कारागार से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के सर्जरी विभाग में लाया गया था। डाक्टरों ने सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया था।
अधिकारियों के मुताबिक अल्ट्रासाउंड एवं पेट का सीटी स्कैन कराए जाने के बाद डॉक्टरों ने पाया कि संक्रमण के कारण ठाकुर को पेट दर्द हो रहा था।
शनिवार एवं रविवार को उन्हें कुछ भी खाने को नहीं दिया गया। सिर्फ इंजेक्शन के माध्यम से दवाएं दी गई। सोमवार को उन्होंने डॉक्टरों की सलाह पर नारियल पानी पिया। मंगलवार सुबह उन्होंने खिचड़ी खाई। दोपहर में अल्ट्रासाउंड जांच के बाद उन्हें दवाएं देकर मेडिकल कॉलेज से छ्ट्टी दे दी गई।
ठाकुर को 10 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने 1999 में देवरिया के पुलिस अधीक्षक के तौर पर अपने पद का गलत इस्तेमाल करके जाली दस्तावेजों के आधार पर अपनी पत्नी के नाम पर एक औद्योगिक भूखंड हासिल किया था।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


