बहराइच में कबाड़ी ने बेचीं छात्रों को निशुल्क वितरण वाली स्कूली पाठ्यपुस्तकें, चार लोगों पर कार्रवाई

Ads

बहराइच में कबाड़ी ने बेचीं छात्रों को निशुल्क वितरण वाली स्कूली पाठ्यपुस्तकें, चार लोगों पर कार्रवाई

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 08:25 PM IST

बहराइच (उप्र), 19 फरवरी (भाषा) छात्रों को मुफ्त वितरण होने वाली सरकारी स्कूल की पाठ्यपुस्तकों की एक बड़ी खेप यहां एक कबाड़ी द्वारा बेच दी गई, जिसके बाद शिक्षा विभाग के चार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जानकारी दी।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को बताया कि 17 फरवरी को सूचना मिली कि बहराइच के दिलशाद अहमद नाम के कबाड़ी द्वारा सरकार की ओर से छात्रों को निःशुल्क बंटने वाली किताबें ट्रक पर लादी जा रही हैं।

त्रिपाठी ने कहा, ‘‘हमने पुलिस बल के साथ टीम भेजी लेकिन तब तक ट्रक बहराइच से निकल चुका था, पीछा करके लखीमपुर में किताबों से लदे ट्रक को जब्त किया गया।’’

उन्होंने बताया कि ट्रक में 10 टन से अधिक वजन की शिक्षा सत्र 2026-27 में बांटी जाने वाली किताबें बरामद हुई हैं।

अधिकारी ने बताया कि ट्रक से बरामद कागजात के अनुसार बरामद पुस्तकें कबाड़ी द्वारा काशीपुर (उत्तराखंड) की एक कंपनी को बेची गई थीं।

उन्होंने बताया कि बहराइच के बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह की तहरीर पर थाना रामगांव में आरोपी दिलशाद अहमद व मुरादाबाद निवासी ट्रक मालिक मोहम्मद असलम तथा अन्य संबंधित के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर एक समिति गठित कर जांच के आदेश दिए गये हैं।

त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी दिलशाद अभी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में लगी है।

इस बीच, बहराइच के बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि बहराइच में किताबों की गिनती पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गिनती के उपरांत उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मुफ्त बांटी जाने वाली 13595 पुस्तकें गायब मिली हैं।

सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा सहायक कर्मी शफीक अहमद व आलोक कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही की गई है। इसके अलावा निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण के लिए जिम्मेदार संविदा पर तैनात जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता आशुतोष सिंह तथा अनुदेशक अतुल कुमार सिंह की संविदा समाप्त की गयी है।

भाषा सं जफर शफीक

शफीक