बरेली में एक अपार्टमेंट में आग लगने से चार वाहन जलकर खाक

बरेली में एक अपार्टमेंट में आग लगने से चार वाहन जलकर खाक

बरेली में एक अपार्टमेंट में आग लगने से चार वाहन जलकर खाक
Modified Date: April 27, 2026 / 05:34 pm IST
Published Date: April 27, 2026 5:34 pm IST

बरेली (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली के प्रेमनगर इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट के भूतल में सोमवार की सुबह कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी जिसमें दो कार एवं दो दुपहिया वाहन जलकर राख हो गए। अधिकरियों ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा ने बताया कि सुबह करीब पांच बजकर पांच मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि तत्काल दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।

शर्मा ने बताया कि टीम ने तेजी से कार्रवाई कर आग को फैलने से रोका और पंपिंग के जरिए बुझा दिया। शुरुआती जांच में विद्युत पैनल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर लगे विद्युत पैनल से हुई। पहले चिंगारी निकली और फिर आग ने पास खड़े वाहनों को चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में कारें और बाइक आग का गोला बन गईं और लोग वाहनों को बचाने का प्रयास भी नहीं कर सके।

लोगों ने बताया कि इस अग्निकांड में क्रेटा कार, स्कोडा कार, होंडा शाइन बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी पूरी तरह जल गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के बाद परिसर धुएं और लपटों से घिर गया, जिससे ग्राउंड फ्लोर पर अफरा-तफरी मच गई।

सीएफओ मनु शर्मा ने लोगों से अपील की कि विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में