राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जनभवन के नये भवन का किया उद्घाटन
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जनभवन के नये भवन का किया उद्घाटन
लखनऊ, 13 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जनभवन के नये भवन का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अभिनव प्रयास के लिए राज्यपाल का आभार प्रकट किया। उन्होंने बच्चों को सीख दी कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है तथा परिश्रमी व्यक्ति ही अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफल होता है।
इस अवसर पर अतिथियों ने ‘हमारा जनभवन’ पुस्तक का विमोचन भी किया और विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं चालक को स्कूल बस की चाबी प्रदान की।
एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित विद्यालय भवन की तारीफ करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि उन्हें यहां शिक्षण संस्थान का आदर्श मॉडल प्राप्त हो रहा है और इस मॉडल को कहीं भी प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं भावी पीढ़ी किस प्रकार के संस्थानों में शिक्षा अर्जित कर रही है, यह भी देखना पड़ेगा, भवन अच्छा है तो उसके अनुरूप वहां शिक्षा का माहौल बनाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 5.17 करोड़ रुपये से विद्यालय का यह भव्य भवन बना है तथा इसमें 4.70 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने दिए, जबकि शेष राशि राज्यपाल के प्रयासों एवं सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां के बच्चे आत्मविश्वास से भरे हैं तथा जब वे अपनी बात कह रहे थे तो लगा उनका लक्ष्य बड़ा है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने आदर्श माध्यमिक विद्यालय के रूप में उत्तर प्रदेश की बेसिक शिक्षा को नया मॉडल दिया है जिसके बाद बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद ‘मुख्यमंत्री कंपोजिट’ एवं प्रधानमंत्री अभ्युदय विद्यालयों को इसी नवाचार एवं शोध के साथ आगे बढ़ाने का काम करेंगी।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पहले यहां जो बेसिक स्कूल चलता था, उसमें ‘बैंड’, ‘स्पोर्ट्स मीट’, अच्छे पोशाक, पर्याप्त शिक्षक, स्मार्ट क्लास, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय जैसी सुविधाएं नहीं थी, परंतु आज यहां सब कुछ उपलब्ध करा दिया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के साथ आदर्श माध्यमिक विद्यालय जनभवन का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं में पहुंचकर बच्चों से बातचीत भी की।
भाषा जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


