लखनऊ में शिविर में रक्तदान करने वाले 19 लोगों में ‘हेपेटाइटिस बी’ संक्रमण की पुष्टि
लखनऊ में शिविर में रक्तदान करने वाले 19 लोगों में ‘हेपेटाइटिस बी’ संक्रमण की पुष्टि
लखनऊ, 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 24 फरवरी को आयोजित एक रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले लगभग 19 लोगों में हेपेटाइटिस बी संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पहली जांच के नतीजों की पुष्टि के लिए रविवार को एक और शिविर आयोजित किया गया था।
लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनबी सिंह ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘पहली जांच के नतीजों की पुष्टि के लिए रविवार को एक शिविर आयोजित किया गया था। रिपोर्टों की दोबारा जांच की जा रही है। जिन 19 लोगों में (शुरुआती) जांच में संक्रमण पाया गया था, उन सभी के दूसरे नमूने रविवार को लिए गए।’
उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर 24 फरवरी को लखनऊ के मलिहाबाद ब्लॉक के मुंशी खेड़ा और तीन अन्य गांवों में आयोजित किया गया था।
सीएमओ ने बताया कि शिविर की तुलना में अधिक नमूने लिए गए और नमूनों को जांच के लिए किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) भेजा गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हेपेटाइटिस बी एक वायरल संक्रमण है जो लीवर पर हमला करता है और गंभीर व दीर्घकालिक दोनों प्रकार की बीमारी का कारण बन सकता है।
यह वायरस सबसे आम तौर पर जन्म और प्रसव के दौरान मां से बच्चे में फैलता है, साथ ही साथ संक्रमित साथी के साथ यौन संबंध के दौरान रक्त या अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने, असुरक्षित इंजेक्शन या नुकीले उपकरणों के संपर्क में आने से भी फैलता है।
भाषा अरुणव आनन्द
जोहेब
जोहेब

Facebook


