शाहजहांपुर में युवक की हत्या के विरोध में आठ घंटे तक राजमार्ग जाम, बाजार बंद
शाहजहांपुर में युवक की हत्या के विरोध में आठ घंटे तक राजमार्ग जाम, बाजार बंद
शाहजहांपुर (उप्र), दो अगस्त (भाषा) शाहजहांपुर जिले में सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर दूसरे समुदाय की एक युवती के साथ तस्वीर साझा करने को लेकर एक युवक की कथित तौर पर चाकू हमलाकर हत्या कर दिए जाने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना के विरोध में लोगों ने बाजार बंद कर दिए और पलिया-फर्रुखाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आठ घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ। इसके बाद रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच युवक का अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस के अनुसार, कांट कस्बे के निवासी गौतम मौर्य (22) ने 12 जुलाई को इंस्टाग्राम पर समीर अली की बहन के साथ अपनी तस्वीर साझा की थी। इसी बात को लेकर शुक्रवार रात समीर और उसके कुछ साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर गौतम की हत्या कर दी।
उसने बताया कि हत्या के बाद समीर ने गौतम की तस्वीर के साथ इंस्टाग्राम पर ‘स्टेटस’ भी अपलोड किया।
घटना के बाद शनिवार दोपहर मृतक के परिजन कांट थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। इसके बाद कस्बे के बाजार बंद हो गए और हजारों लोगों ने पलिया-फर्रुखाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने दूसरे समुदाय के लोगों की दुकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
राजमार्ग पर जाम लगने के कारण प्रशासन ने बरेली मोड़ और जलालाबाद से आने-जाने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर उन्हें बरेली मार्ग से शाहजहांपुर की ओर भेजा।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही वह और अपर जिलाधिकारी रजनीश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अपर जिलाधिकारी मिश्रा ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और आरोपी समीर के मकान पर बुलडोजर चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि मुआवजे की मांग शासन को भेज दी गई है, जबकि मकान के संबंध में यह जांच करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं कि उसका निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुसार हुआ है या नहीं।
पुलिस अधीक्षक दीक्षित ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस टीम हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कराने के लिए उसे घटनास्थल पर ले गई, तो उसने पुलिस दल पर हमला कर दिया। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि रविवार को पुलिस बल की मौजूदगी में गौतम का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार कड़ी निगरानी रख रही है। सांप्रदायिक तनाव फैलाने या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं सलीम खारी
खारी
खारी

Facebook


