गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल का पदाधिकारी एक पुरानी मजार ‘तोड़ने’ के आरोप में गिरफ्तार
गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल का पदाधिकारी एक पुरानी मजार ‘तोड़ने’ के आरोप में गिरफ्तार
गाजियाबाद (उप्र), 16 फरवरी (भाषा) गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद पुलिस ने सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हिंदू रक्षा दल के एक पदाधिकारी को हिंडन नदी पुल के पास स्थित मजार को तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नंदग्राम क्षेत्र के निवासी प्रिंस ठाकुर (25) के रूप में हुई है। वीडियो में वह कथित तौर पर छठ पूजा घाट के पास फ्लाईओवर के नीचे स्थित दशकों पुरानी मजार को तोड़ते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसके साथ दो और लोग भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन मजार को तोड़ते हुए सिर्फ ठाकुर ही दिखायी दे रहा था।
सोशल मीडिया पर रविवार को प्रसारित हुए वीडियो में आरोपी को मजार को क्षतिग्रस्त करते हुए देखा जा सकता है।
इस घटना के बाद ठाकुर ने वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कथित तौर पर ‘‘अवैध रूप से निर्मित’’ मजार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
वीडियो में उसने बयान जारी करते हुए कहा कि हिंदू रक्षा दल किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगा और अधिकारियों के हस्तक्षेप न करने पर आगे की कार्रवाई की धमकी दी।
साहिबाबाद की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) श्वेता यादव ने पुष्टि की कि वीडियो सामने आने के बाद गिरफ्तारी की गई है और कहा कि इस तरह की भड़काऊ सामग्री सामाजिक सद्भाव के लिए गंभीर खतरा है।
एसीपी ने कहा कि ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा क्योंकि वे सांप्रदायिक शांति को भंग करते हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रिंस ठाकुर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला

Facebook


