मेरठ (उप्र), 17 सितंबर (भाषा) मेरठ में आगामी 19 और 20 सितंबर को पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम अपने रोमांचक हवाई करतब का प्रदर्शन करेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, परतापुर क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर स्थित ‘न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप’ में होने वाले ‘एयर शो’ में नौ हॉक एमके-132 विमान एक साथ उड़ान भरकर करतब दिखाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, एयर शो के दौरान लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और ‘डीएनए’ करतब सहित कई रोमांचक करतब देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि विमानों की कम दूरी पर सटीक और समन्वित उड़ान दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण होगी।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रदर्शन की खास बात यह भी है कि सूर्य किरण एरोबैटिक टीम में मेरठ से जुड़े तीन स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, राहुल सिंह और शरद गोयल शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, तीनों के इस प्रदर्शन में शामिल होने से शहर के लोगों के लिए इस एयर शो का खास स्थानीय जुड़ाव भी होगा।
उन्होंने बताया कि एयर शो में हिस्सा लेने वाले हॉक विमानों में नासिक स्थित वायुसेना के बेस रिपेयर डिपो में विकसित स्वदेशी ‘स्मोक पॉड्स’ का इस्तेमाल किया जाएगा, जिनसे आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा दिखाई देगी।
अधिकारियों के मुताबिक, एयर शो के लिए न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में दर्शकों के बैठने और खुले पंडाल की व्यवस्था की जा रही है और प्रवेश मार्ग, खान-पान, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा वीआईपी व्यवस्थाओं के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि उन्होंने मेरठ में एयर शो कराने का प्रस्ताव 13 मई को भेजा था, जिसे आठ सितंबर को मंजूरी मिली।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का यह दूसरा एयर शो होगा। इससे पहले टीम लखनऊ में प्रदर्शन कर चुकी है।
जिलाधिकारी वी.के. सिंह ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है और जिला प्रशासन की ओर से एयर शो के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
भाषा सं. सलीम गोला
गोला