उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी की मौत

Ads

उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी की मौत

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 12:19 AM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 12:19 AM IST

मेरठ (उप्र), 15 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के लिए मेरठ में मंगलवार को आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती एक अभ्यर्थी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस स्थित कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित पीईटी में कुल 1,017 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, मेरठ ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि उपचार के बाद आठ अभ्यर्थियों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दो का उपचार जारी है। उपचाराधीन अभ्यर्थियों में शामली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लिसाड़ गांव निवासी अंकुज मलिक (39) भी शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में मंगलवार को बाथरूम जाते समय अंकुज अचानक मूर्छित होकर गिर पड़े। प्रथम दृष्टया उनकी मौत हृदयाघात से होने की आशंका है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला