विषय से अलग सवाल पूछा तो हम ‘पॉलिटिकल रायता’ फैला देंगे : ब्रजेश पाठक

Ads

विषय से अलग सवाल पूछा तो हम 'पॉलिटिकल रायता' फैला देंगे : ब्रजेश पाठक

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 10:33 PM IST

लखनऊ, 16 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्‍यों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ”अगर हमसे पॉलिटिकल (राजनीतिक) बात करेंगे तो हम पॉलिटिकल ‘रायता’ फैला देंगे।”

प्रश्नकाल में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा ने अपने प्रश्‍न के अनुपूरक के दौरान उनसे बिंदुवार जवाब मांगा। हालांकि सपा नेता सरकार को निशाना बनाकर एक कविता पढ़ने लगे। इस पर जवाब में पाठक ने कहा कि ”टू द प्वाइंट पूछें और टू द प्वाइंट जवाब देंगे। अगर जरा भी पॉलिटिकल बात करेंगे तो हम पॉलिटिकल ‘रायता’ फैला देंगे।”

इसके बाद मजाकिया लहजे में सपा के वरिष्ठ सदस्य कमाल अख्‍तर ने कहा,” इनके विभाग में रायता कहां बनता है। इसके बाद अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि मंत्री की बात से सहमत हूं, बिंदुवार सवाल पूछिये और उसका जवाब लीजिए।

इस बीच उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक अवधी में बोलने लगे। महाना ने कहा कि आप किस भाषा में बोल रहे हैं। यह बात आई कि मंत्री अवधी में बोल रहे हैं। महाना ने अपील की कि सभी अपनी-अपनी बोलियों में सदन में बात रखा करें। पिछले वर्ष सदन में अवधी, भोजपुरी, बुंदेलखंडी, ब्रज और अंग्रेजी में बोलने की व्‍यवस्‍था बनाई गई है।

यह प्रश्‍न सपा के सदस्य राकेश कुमार वर्मा ने आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने के संबंध में प्रश्‍न किया और सपा सदस्य संदीप सिंह ने अनुपूरक प्रश्‍न किया था।

स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे पाठक ने कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आई है आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना किया गया है। उन्होंने इसके आंकड़े भी दिए।

उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड़डी है और सरकार उनका सम्मान करती है। इनको मातृत्व अवकाश भी दिया जाता है।

भाषा

आनन्द

रवि कांत