गोरखपुर में पीएसी की बाढ़ राहत टीम ने आत्महत्या के लिए राप्ती नदी में कूदे युवक को बचाया

गोरखपुर में पीएसी की बाढ़ राहत टीम ने आत्महत्या के लिए राप्ती नदी में कूदे युवक को बचाया

गोरखपुर में पीएसी की बाढ़ राहत टीम ने आत्महत्या के लिए राप्ती नदी में कूदे युवक को बचाया
Modified Date: August 23, 2026 / 06:06 pm IST
Published Date: August 23, 2026 6:06 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 23 अगस्त (भाषा) गोरखपुर में प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की 26वीं बटालियन की बाढ़ राहत टीम ने रविवार सुबह कथित तौर पर आत्महत्या के लिए राप्ती नदी में छलांग लगाने वाले एक युवक को बचा लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के निवासी युवक की पहचान लड्डू मांझी (25) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि उसने सुबह करीब नौ बजे गीडा थाना इलाके में रामघाट के पास नदी में छलांग लगाई।

चश्मदीदों ने बताया कि पानी में कूदने के कुछ ही देर बाद वह तेज बहाव में डूबने लगा।

पुलिस ने कहा कि इलाके में बाढ़ बचाव की तैयारियों के प्रशिक्षण और बचाव कार्यों के लिए तैनात पीएसी की बाढ़ राहत टीम ने तुरंत मोटरबोट का इस्तेमाल करके अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार बचाव दल ने डूबते हुए व्यक्ति तक समय रहते पहुंचकर उसे नदी से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि किनारे लाने के बाद मांझी को प्राथमिक उपचार दिया गया और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। बाद में उसे आगे की कार्रवाई के लिए नौसड़ चौकी पुलिस को सौंप दिया गया।

गीडा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अश्वनी पांडे ने बताया कि युवक सुरक्षित है और उसके परिवार वालों से संपर्क करके घटना के बारे में जानकारी दे दी गई है।

पीएसी की बाढ़ राहत टीम ने यह सफल बचाव अभियान चलाया, जिसमें हेड कांस्टेबल बलदेव प्रसाद, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और रवि गौतम समेत विभिन्न जवान शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि बाढ़ राहत और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए टीम को इलाके में तैनात किया गया है।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में