हाथरस में महिला ने कांस्टेबल पति, सास और जेठ पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया
हाथरस में महिला ने कांस्टेबल पति, सास और जेठ पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया
हाथरस (उप्र), दो अगस्त (भाषा) हाथरस जिले में एक महिला ने अपने कांस्टेबल पति, सास और जेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न तथा प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार चारुल नामक महिला की शिकायत पर पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात उसके पति हरीश कुमार, सास लज्जावती और जेठ राजीव रावत के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति, सास और जेठ उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।
महिला का यह भी आरोप है कि उसका पति कई अन्य महिलाओं से मोबाइल फोन पर बातचीत करता है और जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, सास और जेठ भी पति का पक्ष लेते हुए उसे प्रताड़ित करते हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 (पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 352 (जानबूझकर अपमान करना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) के तहत शनिवार शाम मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा सं सलीम खारी
खारी

Facebook


