शाहजहांपुर में भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला किया; तीन गिरफ्तार
शाहजहांपुर में भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला किया; तीन गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 13 जून (भाषा) शाहजहांपुर में एक साल की बच्ची से कथित रूप से दुष्कर्म करने के आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद भीड़ ने एक पुलिस चौकी पर कथित तौर पर पथराव किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने हिंसा के सिलसिले में मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पीड़िता के पड़ोसी गुड्डु शर्मा के रूप में हुई है, जिसने खुटार थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्ची का मंगलवार को उसके घर पर कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की एक टीम गठित की गई और आरोपी को मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बच्ची के पिता ने गुड्डू शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
एसपी ने बताया कि आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान अपना अपराध कथित तौर पर स्वीकार किया और पुलिस से कहा कि उसे अपने कृत्य पर पछतावा है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम आरोपी के गांव के प्रधान ने स्थानीय लोगों को कथित तौर पर एकत्र कर दावा किया कि आरोपी ‘‘निर्दोष’’ है। इसके बाद लोगों का यह समूह पुलिस चौकी पहुंचा और उसने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे अपनी शिकायतें दे सकते हैं और मामले की जांच की जाएगी लेकिन प्रदर्शनकारी कथित तौर पर नहीं माने।
दीक्षित ने कहा कि बाद में भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया और पुलिस वाहनों को पलटने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
पुलिस ने बताया कि ग्राम प्रधान शोभित कुमार के साथ बलराम, बसंत, राजेंद्र, मोहित और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि बसंत, राजेंद्र और मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।
भाषा सं जफर
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


